गुरुवार, 31 जनवरी 2013

डेट



का (गले की खरांश मिटाते हुए): सो ..कैसा चल रहा है सब ?

की (मुस्कुराते हुए): बढ़िया, आप सुनाइए !

का (वापस मुस्कुराता है): ह्म्म्म ...

का (कॉफ़ी का एक घूँट अन्दर डालते हुए): वैसे मुझे उम्मीद नहीं थी कि आप आएँगी, एक बार लगा कि  कहीं आप मुझे बेवजह गलत समझ बैठें  आई मीन ..नॉट इन दैट सेंस .. यू नो !

की: (शरारती मुस्कराहट के साथघबराइए मत मैं  आपको बिलकुल भी नुक्सान नहीं पहुँचाउंगी।

का (हडबडाते हुए )अरे नहीं-नहीं,  वो बात नहीं ...

फिर अचानक दोनों ही एक-दूसरे की तरफ देख कर खिलखिला उठते हैं

का: आप बहुत सुन्दर हैं ..सचमुच ! ...आपकी आँखें बहुत गहरी लगती हैं। (फिर थोडा सपाट स्वरों में बोलता है)  आई मीन यू लुक हॉट , वैरी हॉट !

की: अब आप मुझे अन्काम्फोर्टब्ल फील करवा रहे हैं

का:  ओह ! आई ऍम।।आई ऍम रियली सॉरी मुझे लगा शायद आपको अच्छा लगेगा ये सब सुन कर। मेरा मतलब है कि आप हैं भी सुन्दर ..मगर .. शायद ! ..छोडिये !..जाने क्यूँ आज मैं शब्दों के साथ बहुत गड़बड़ कर रहा हूँ। आप भी सोचेंगी, खामख्वा मुझसे पाला पड़  गया।

की: (चुपचाप उसकी तरफ देखती है)

का (थोडा उदास सा चुप है)

की: वैसे मुझे सचमुच नहीं लगा था कि आप इतना बोलते भी होंगे (धीमे से हंसती है)

का: (चौंकते हुए) हम्म ..ये तो मुझे खुद ही मालूम नहीं था

थोड़ी देर बाद

की: चलें !
अरे वो रहने दीजिये। बिल मैं पे करूंगी।

का: नहीं-नहीं प्लीज ..एक तो वैसे ही दिन बर्बाद किया है आपका कम से कम एक तो तमीज़ का काम कर लेने दीजिये ..कहीं दोस्तों को मालूम चल गया तो क्या सोचेंगे मेरे बारे में ! उफ़ ! (जेब से पैसे निकाल कर बिल की तरफ देखता है, मगर उस से पहले ही 'की' पैसे दे चुकी है, 'का' मायूस होकर टिप के अतिरिक्त पैसे रखता है। दोनों कॉफ़ी शॉप से बाहर निकलते हैं )

की: आप गिटार बजाते हैं ! आई मीन म्यूजिक वगैरह का शौक रखते हैं !

का: (मायूसी से सर हिलाते हुए) जी नहीं

की: ओह अच्छा ! और कोई शौक़ फरमाते हैं जनाब सिवाय क्लास टॉप करने के !

का: (बहुत धीमे-धीमेज़िन्दगी ने कभी इतना सोचने का मौका ही नहीं दिया। बस आँखों के सामने हमेशा एक  डेस्क थी, उस पर चार किताबें। यही देखा और इसी को सब कुछ मान लिया। अब कभी-कभी लगता है  कि ज़िन्दगी को भरपूर जिया ही नहीं कभी

की (हँसते हुए): ये एहसास आपको मुझसे मिलने के बाद हुआ या पहले से ही था !

का (सोचते हुए): अच्छी तरह नहीं मालूम। पहले नहीं लगा मगर अब लगता है कि  जीवन में एक 'की' होनी चाहिए।वरना एक कमी सी खलती है। ये भी नहीं मालूम कि ऐसा सचमुच ही  लगता है या फिर इसलिए क्यूंकि मेरे आस-पास सभी को 'यहीलगता है हाँ मगर ये भी सच है कि आपसे मिलने के बाद थोड़ा ज्यादा लगने लगा है

की (मुस्कुरा उठती है)

का: एक बात पूंछु  आपसे ! क्या मैं सचमुच इतना बुरा हूँ। क्या मुझमें कोई भी खूबी नहीं ! आई मीन ऐसा क्या चाहिए आप लड़कियों को ! (थोडा चिड़ते  हुए) आप प्लीज ये बेवजह मुस्कुराना बंद कीजिये। बहुत चुभ रहा है मुझे इस वक़्त !

की: जानते हैं ! आपसे मिलने से पहले बहुत नर्वस थी मैं। मगर अब बड़ी तेज़ हंसी रही है। आप कमाल के आदमी हैं (जोर जोर से हँसने लगती है )

का (थोडा मायूस होते हुए) अच्छा इग्नोर किया आपने मेरे सवालों को

'की' अब खिलखिला के हँस  उठती है, 'का' का हाथ पकड़ कर उसके कंधे पर सर छुपा कर हंसने लगती है। 'काये सब देख कर थोडा हड़बड़ा उठता है फिर 'की' की तरफ देख कर मुस्कुराता है।

थोड़ी देर बाद ..

की: चलो मुझे घर छोड़ दो इन बातों के लिए तो अब पूरी ज़िन्दगी पड़ी हुई है।

    

शनिवार, 19 जनवरी 2013

तू-तू मैं-मैं

तू: अच्छी लग रही हो तुम आज

मैं : थैंक यू

तू: कहाँ थी ? बहुत दिनों से नज़र नहीं आयी !

मैं: यहीं तो थी। मैं तो हर रोज़ छत पर शाम को टहलने आती हूँ। आपने देखा नहीं कभी !

तू: हाँ याद आया ! परसों देखा था

मैं: क्यूँ कल भी तो रेडियो पर जोर जोर से गाना बजा के सुन रहे थे। मैंने देखा आप खिड़की पर बैठे थे

तू: ओह हाँ !

तू : (चुप)

मैं:  (चुप)

तू: (ख़लाओं में देखने लगता है)

मैं: अच्छा मैं चलती हूँ अब

तू: अच्छा ठीक है

तू: अरे सुन ! मैं एक बात बताना तो भूल ही गया

मैं: हाँ-हाँ दो दिन बाद बाबा की तन्ख्वा मिल जाएगी। अम्मा ने बोला है दूकान का हिसाब पूरा कर देंगे।

तू: अरे दूकान की बात नहीं थी। मैं तुझसे प्यार करने लगा हूँ शायद। अभी याद आया।

मैं: शायद ! याद आया !

तू: हाँ-हाँ ठीक है, अब तू धरम-करम, रीति रिवाजों का वास्ता मंत देना। मुझे पता है कि तू ये सब नहीं मानती

मैं: अच्छा

तू: हाँ तो ठीक है। आज से मैं और तू प्यार करेंगे। मैं तेरा ख़याल रखूँगा अच्छे  से। अम्मा को कह देना, इस

    महीने की साबुन की टिक्की और तेरा 'फेयर एंड लवली' फ्री। अभी तो सिर्फ इतना ही कर सकता हूँ। जिस

    दिन बाबूजी पूरी दूकान सौंप देंगे, उस दिन से तेरा घर मेरा घर एक बात। ठीक है !

मैं: (सोचते हुए) ये सब तो ठीक है मगर तू जो अगर कभी मर गया तो !

तू: तो तुझे कौन सा बेवा बन के रहना है। मोहल्ले का हर लौंडा तो तेरे पीछे है। बस मेरे मरने की ही तो देर है

मैं: अच्छा ! ज़रा  संतरे की गोली दे ना ढेर सारी और थोड़ी मिश्री भी दे।

तू: सात बजे आना , बाबूजी दूकान पर नहीं होंगे तब और सुन अगले मंगल को हनुमान मंदिर के पीछे

     मिलना

मैं: ठीक है। हनुमान मंदिर क्यूँ !

तू: उसके पीछे कोई नहीं रहता। अब थोडा सा प्यार करना तो बनता है ना !

मैं: (सोचते हुए) देखती हूँ। अम्मा घर पर नहीं रहेगी तो ही आऊँगी ।

तू: ('मैं' का हाथ पकड़ लेता है) मैं तेरे हाथ को "किस" दे दूं !

मैं: (आँख बंद करते हुए) गाल पर दो जल्दी से। ऐसे ही एक साल बर्बाद कर दिया बोलने में।

तू: (उसे हैरानी से देखता है)

मैं: क्या है ! दे न जल्दी से !

दोनों पल भर के लिए काँपते  हैं। एक दुसरे की तरफ देखते हैं, मुस्कुराते हैं। 'तू', 'मैं' को संतरे की गोलियां और

ढेर सारी मिश्री देता है। 'मैं' उसे पैसे दिए बगैर मुस्कुरा के चली जाती है






शुक्रवार, 18 जनवरी 2013

वुमन ऑन टॉप


·        वो: क्या है !
·        ये :  कुछ नहीं 
·        वो :  क्या  देख रही हो ?
·        ये : कुछ नहीं 

    (थोड़ी देर बाद )

·        वो :  अरे प्लीज्ज्ज़ ऐसे मत देखो ..अजीब सा लग रहा है 
·        ये :  (चुपचाप सर हिलाती है )
·        ये :  (खामोश)
·        वो : अरे यार
·        ये :  (मुस्कुराती है
·        वो:  अच्छा मेरा शर्ट दो ना  उठा के उधर से  !
·        ये :  .....
·        वो :  देखो बहुत अजीब है ये
·        ये :  पहली दफे प्यार करना हमेशा अजीब लगता है 
·        वो :  (चुप)
·        वो :  तुम्हारे होंठ इतने सूखे क्यूँ है !
·        वो :  कभी काँटों को चूम के देखा है !
·        ये :  (दबी हुई हंसी के साथ) नहीं 
·        वो : (चुप)

'ये', 'वो' के बालों को सहलाती है। उसके सीने पर अपना सर रखती है। दोनों फिर से आँख मूँद लेते हैं। 

·        वो: ‘अँधेरा’ ज्यादा भला लगता है
·        ये: मुझे भी 
  

बुधवार, 16 जनवरी 2013

बीमार

उसे चुभती हैं टूटे मन की किरचें ।  उसकी नसों में गड़-गड़  कर वो लहू के ज़रिये सफ़र तय करती हैं।  शरीर की पोर-पोर से रिसती रहती हैं, सीलन भरी दीवारों की तरह ।  रिश्तें चूंते रहते हैं, टपकते हैं बूँद-बूँद, रह-रह कर । किसी ने, हाँ ! कभी किसी ने उसका हाथ अपने दिल पर रख कर उसकी मिनमीनी आँखों को चूम कर ठंडक दी थी । आज उसका पूरा मन जल जल कर स्वाहा हो गया है । वो पूरी रात बिस्तर की सिलवटें हटाती रहती है । वो तकिये पर नए फूल काढ़ते हुए अब कोई गीत नहीं गाती। उसे बीता हुआ सचमुच पुराना लगता है और नयेपन की बू बर्दाश्त नहीं होती । उसे 'आज' धुंए सरीखा धीमा धीमा उठता हुआ दिखाई देता है। 

वो !
जो बादलों के पीछे पतंग लेकर भागती थी । कंची-कंची खेल अपनी भरी हुई तिजोरियां छुपाती थी। जिसके रूखे बालों की लटों में सपनों की खुश्की माँ कंघी मार के झाड़ गिराती थी, वो लडकी आसमान से फिसल पड़ी है। कहते हैं, हौंसलों की सीढ़ी  पर बुरी नज़र की काई जम गयी थी । उसे माँ ने चलना तो सिखाया पर उछलना -कूदना नहीं । वो जब इतरा के चली तो दुनियादारी में मोंच आ गयी । मलहम भी लगा के दिया मगर कोई फर्क नहीं । उसने सोचा कि पड़ोस वाली कमला उस से ज्यादा खुशकिस्मत है क्यूंकि वो घर से निकलती ही नहीं । उसके हाथ-पाँव अब तक गोरे और मुलायम हैं । उसके नाज़ुक बदन को सभी सहेज कर रखना चाहते हैं। मगर कमबख्त इसे सब ठोक -बजा के 'ट्राय' करते हैं, मानो कोई लडकी न हुई, बर्तन-भांडा हो गयी जी ! 


उसे अब रास्तों में दरारें बर्दाश्त नहीं होती। उसे सफाई से जीने का चस्का लगा हुआ है। कभी-कभी वो अकेले कमला पर तरस खाती है । उसके अकेलेपन पर, उसके नाज़ुक मगर कमज़ोर बदन पर । उसे गले में ख़राश महसूस होती है चूँकि एक अरसे से वो चिल्लाई नहीं । मगर कमला सुबह पांच बजे जाग कर मनमोहक अंदाज़ में शास्त्रीय संगीत की तान लगाती है। उसने भरपूर कोशिश की, कि उसे कमला की आवाज़ में वो दबा हुआ दर्द मिल जाये, जिसे छुपाने के लिए कमला अलस्स्सुबह तान छेडती  है। किन्तु वो पूरी तरह असफल रही। और तो और ! हुआ ये कि  दीवार पे कान लगाये उसे देख, कमला ने उसे पास बुला कर शाश्त्रीय संगीत सीखने की नसीहत दे डाली। कमला का मानना है कि संगीत तन और मन को सुंगधित करता है । ये सुन कर उसे बड़ी हंसी आई और उसने मन ही मन सोचा कि  क्यूँ न कमला को "सुलभ शौचालय" के पास बैठा दिया जाये ! मगर कमला ने शायद उसके मन का व्यंग नहीं सुना। उसने उसे धर्म-कर्म की शिक्षा भी लगे हाथ दे डाली । जब तक वो सोचे "बेचारी कमला !" तब तक सामाजिक औरतें और मर्द कमला की बातों  पर वाहवाही कर उठे ! आह ! अब वो जल कर राख न हो जाये तो भला क्या करे ! ये मुआ समाज ! क्या वो ये सब पेट से सीख कर आई थी ! क्या उसे बड़ा मज़ा आता है 'अशिष्ट' बनने में ! क्या उसका दिल नहीं करता  कि  कुछ खूबसूरत नौजवान उसे देख कर भी अपने बालों पर हाथ फेर कर, कंधे उचकाते हुए, कोई प्यारी सी तिरछी नज़र से उसे गली के आखिरी मोड़ तक देखें । मगर नहीं ! भले मानुष को तो छोड़ ही दो, कमबख्त ये लुच्चे लफंगे भी कमला सरीखी कन्याओं से फेरे लेने चाहते हैं । हद है ये तो ! खुद को फजीहत , दुसरे को नसीहत ! 
हैं जी ! 

मतलब उसे तो सबने 'पेपर वेट' समझ कर रखा हुआ है । उड़ने वालों को संभालने का ज़िम्मा भी उसी का है और पटका जाना है सो अलग । जो भी आता है, घुमा के चला जाता है बस ! क्या है न भैया , बहुत मज़बूत है, गिर भी पड़ेगा तो टूटेगा नहीं। खैर ! वो करे भी तो क्या ! वो आईना देख कर जब भी कमला की तरह मुस्कुराने का प्रयास करती है तो होंठ कांपने लगते हैं । आदत जो नहीं ठहरी । अब उसने सोचा है, करेगी क्या ! झक मार के रहेगी इन कमलाओं के बीच । कुडती रहेगी और खुद से जुडती रहेगी । जुड़ाव क्या इतना आसान होता है !  उसने सोचा ।  मन का दर्द चाहे जीवन भर क्यूँ न रिसता रहे वो खुद को खुद से अलग नहीं करेगी । कमला का साहस अगर सब जैसा बनने  में है तो उसका सबसे अलग बनने  में । साहस जन्मजात नहीं होता, अर्जित किया जाता है । एक दिन में नहीं, एक साल में नहीं , मगर हर पल में । 

घूँट-घूँट कडवी दवा  को हल्क़  के नीचे तर करने जैसा है ये अनुभव । किन्तु वो करेगी । इसलिए नहीं, क्यूंकि अब कोई उपाय ही नहीं रहा बल्कि इसलिए ताकि सब कमला जैसे  जीने की सहूलियत के लालच के चलते बीमार ना हो जायें तो उसे ही इस महामारी को रोकने वाला जीवाणु बनना होगा ।